लोहा व्यापारियों ने मानव श्रंखला बनाकर किया विरोध

Sep 19 2020

ग्वालियर।14 वर्ष पहले पूरे पैसे 4 करोड़ रुपये जमा करने के बाद भी लोहा मंडी को जमीन न मिलने से नाराज व्यापारियों ने मानव श्रंखला बनाकर अपना विरोध प्रदर्शित किया। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से दिल्ली में भी प्रतिनिधिमंडल मिला।
ग्वालियर लोहा व्यवसाई संघ के सचिव निर्मल जैन, ने बताया कि सरकार के विरुद्ध चल रहे आंदोलन के अंतर्गत सेकड़ो व्यापारियों ने नारे लिखे बेनर लगाकर कहा कि अब आश्वासन बहुत हो चुके है अगर जमीन नही मिली तो वोट भी नही डालेंगे। उन्होंने कहा कि भू माफिया लोगो ने सरकार की नाक के नीचे से हमें दी जाने वाली आधी जमीन पर अपना हक सिद्ध किया है उनसे सरकार मिली हुई है शहर के बड़े बिल्डर के खिलाफ कोई भी एक्शन नही लिया जा रहा है और लोहा व्यापारियों को शासन प्रशासन जनप्रतिनिधि नियम कायदे समझा कर धमका रहे है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मंत्रिमंडल के दो कैबिनेट निर्णय के बावजूद जमीन लोहा व्यापारियों को नही दी जा रही। 2005 के कोर्ट के निर्णय को दरकिनार कर कोई न कोई अड़ंगा लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर का व्यापारी समाज लोहा व्यापारियों के साथ है और सरकार और जनप्रतिनिधियों की नीयत को समझ रहा है। प्रधानमंत्री की आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को ये लोग कभी पूरा नही होने देंगे। वहीं लोहा व्यवसाई संघ का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष संजय कठ्ठल के नेतृत्व में दिल्ली में केंद्रीयमंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मिला और अपनी समस्या रखी उन्होंने जिलाधीश से फ़ोन पर वार्ता कर दिशा निर्देश दिए।
मानव श्रंखला में संघ के नरेंद्र छिरोलया, भूपेंद्र यादव, अशोक अग्रवाल, सिद्धार्थ कथूरिया, अमित जैन, अखिलेश खरया, सुभाष सिजरिया, मन्नी सरावगी, गोपाल गुप्ता, गोलू विजपुरिया, रवि मंगल, श्रीराम सरावगी, अशोक जैन, अनिल ओझा सहित सेकड़ो व्यापारी रहवासी उपस्थित रहे।