हमने वोट से, भाजपा ने नोट से बनाई सरकार- कमलनाथ

Sep 19 2020

ग्वालियर। दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर आए प्रदेश कांग्रेस के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को भाजपा पर बड़ा हमला करते हुए साफ तौर पर कहा कि हमने जनमत हासिल करते हुए वोट से सरकार बनाई, वहीं भाजपा ने षड्यंत्र करते हुए नोटों से सत्ता हासिल की।
पिछले कुछ समय से भाजपा का चाल, चेहरा और चरित्र खुलकर सामने आ गया है, जहां उसे बहुमत नहीं मिलता, वही वह नेताओं की खरीद-फरोख्त में जुट जाती है, मध्यप्रदेश में भी यही किया गया, वहीं कुछ मौका परस्त और घर के भेदियों ने भाजपा का साथ देकर कांग्रेस की सरकार गिराने में अहम भूमिका निभाई। सब जानते हैं कि किस तरह से सत्ता हथियाने के लिए सौदेबाजी हुई।
कमलनाथ ने कहा कि एक समय था जब ग्वालियर विकास में अग्रणी था, लेकिन आज हालात यह हैं कि इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर लगातार विकास कर गए और ग्वालियर लगातार पिछड़ता गया। यह देखकर दुख होता है। उन्होंने कहा कि पहले इस क्षेत्र का नेतृत्व स्व. माधवराव सिंधिया करते थे, उनके बाद ज्योतिरादित्य ने यह कमान संभाली, इसलिए मैंने कभी ग्वालियर-चंबल संभाग की राजनीति में दखलंदाजी नहीं की। उन्होंने कहा कि यह उप चुनाव अंचल का भव्ष्यि तय करेंगे, देखा जाए तो यह उपचुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास का चुनाव हैं और यह जनता अच्छी तरह जानती है कि उसे क्या करना है। यहां उद्योगों की एक लंबी श्रृंखला थी, लेकिन ध्यान न देने की वजह से एक-एक कर उद्योग बंद हो गए, यह बेहद चिंता का विषय है। हमारे 15 महीने के काम को पूछने वाले शिवराज पहले अपनी सरकार के 15 साल का हिसाब दें।
बिकाऊ होकर लड़ रहे उपचुनाव
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनाव बिकाऊ होकर लड़े जा रहे हैं। प्रजातंत्र को दांव पर लगा दिया गया है। संविधान का भविष्य खतरे में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज हालात बेहद बदतर है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, इस तरह आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहद अंधकारमय दिखाई दे रहा है। यह माफिया व मिलावटखोरों की सरकार है, मुझ पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। हमें काम करने का समय ही नहीं मिला। उन्होने कहा कि मैं पचास साल से इस क्षेत्र में हूं, लेकिन कभी राजनीति नहीं की। हमारी सरकार ने 26 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, 2 लाख तक का फसल ऋण माफ किया, यह जरूर है कि पैसे वालों को इससे दूर रखा, शिवराज इतने सीधे नहीं कि यह बात न जानें। भाजपा की झूठ की राजनीति अब नहीं चलेगी। इस चुनाव में भाजपा टिक नहीं पाएगी।