हथियारों सहित बदमाश दबोचे, दो कट्टे व एक पिस्टल बरामद

Sep 17 2020

ग्वालियर। हथियार लेकर घूम रहे बदमाशों को महाराजपुरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भदरौली पुराने रेलवे स्टेशन से दबोचा है। पुलिस को बदमाशों की तलाशी में उनके पास से दो कट्टे, एक पिस्टल और दस जिन्दा कारतूस मिले हैं। पुलिस ने बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पता लगा है कि बदमाश इटावा से हथियार खरीदकर लाए है। 
महाराजपुरा सीएसपी रवि भदौरिया व थाना प्रभारी महाराजपुरा मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि सूचना मिली थी कि तीन बदमाश किसी वारदात के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एसआई मुनेन्द्र सिंह, एएसआई वीरबहादुर, प्रधान आरक्षक सुनील तोमर, विजय बघेल, धु्रव सिंह, नितिन गुर्जर, शैलेन्द्र, नागर सिंह को बदमाशों को दबोचने भेजा। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से ही अलर्ट पुलिसकर्मियों ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने जब बदमाशों की तलाशी ली तो उनके पास से दो कट्टा व एक पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस ने बदमाशों से हथियार जब्त कर पूछताछ शुरू कर दी है। 
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम बंटी जाटव व फूलसिंह जाटव तथा अनस खान निवासी चकरायपुर बताया। फूलसिंह व बंटी ने बताया कि उन्हें हथियार अनस खान ने बेचे थे और वह यह हथियार इटावा में अपने रिश्तेदार से लेकर आया है।