बारिश की बेरुखी, उमस ने किया बेहाल

Sep 16 2020

ग्वालियर। शहर में बीते कई दिनों से बारिश की एक बूंद भी नसीब नहीं हुई है। मानसूनी बादल अब ठंडे पड़ गए हैं। आसमान में बादल जरूर दिख रहे हैं लेकिन वे दिखावटी साबित हो रहे हैं। न तो पूर्वी मध्य प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बनता दिख रहा है और न ही तेज बारिश के आसार बन रहे हैं। जिससे अगले दो दिनों तक शहर में बारिश की संभावना नहीं है।
दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री तक बढ़ा हुआ है। इसके कारण उमस भी बढ़ी हुई है और लोग बेचैन हो रहे हैं। बुधवार को सुबह से ही गर्मी और उमस से लोग परेशान हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी मध्य प्रदेश में हल्का कम दबाव का क्षेत्र जरूर बना हुआ है लेकिन इसका असर ग्वालियर और उसके आसपास के क्षेत्र में कम ही है। अगले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहेगा।
बीते चार दिनों से शहर में राजस्थान की ओर से आ रही उत्तर-पश्चिमी हवा का असर बना हुआ है। मंगलवार को भी उत्तर-पश्चिमी हवा का असर शहर में रहा, जिसकी औसत गति दो किलोमीटर प्रतिघंटे की रही। इसके कारण शहर में गर्मी जैसे हालात बने हुए हैं।