परीक्षा सेंटर पर हंगामा, पुलिस ने हड़काया

Sep 15 2020

ग्वालियर। परीक्षा सेंटर पर परीक्षार्थियों के अभिभावकों को प्रवेश देने से रोका गया और गेट से ही बाहर कर दिया गया जिससे कुछ अभिभावकों ने इसका विरोध करते हुए केंद्राध्यक्ष व शिक्षकों की मनमानी बताया। परीक्षा सेंटरों पर भीड़ एकत्रित होने और जाम लगने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सेंटर के बाहर खड़े लोगों को हड़काना शुरू कर दिया तो वहीं परीक्षार्थियों को समय रहते कक्ष में जाने की सलाह दी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड द्वारा हायर सेकेण्डरी व हाईस्कूल की पूरक परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं जिसके चलते विभाग द्वारा सख्ती की जा रही है। कोरोना संक्रमण से परीक्षार्थियों को बचाने और शिक्षक भी सुरक्षित रहें इसके लिए एहतियात बरती जा रही है। सेंटरों पर भीड़भाड़ न हो इसे देखते हुए सिर्फ परीक्षार्थियों को ही गेट के अंदर जाने दिया जा रहा है।मंगलवार सुबह परीक्षा सेंटर पर तैनात शिक्षकों ने जब अभिभावकों को रोकना शुरू किया तो कुछ अभिभावकों ने इसका विरोध कर दिया। अभिभावकों का कहना था कि ब"ाों को कक्ष तक छोड़ आएंगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अभिभावकों को खदेड़ दिया और सेंटर के बाहर खड़े परीक्षार्थियों को समझाइश दी कि वह समय पर अंदर पहुंचें।                              
टूटी सोशल डिस्टेंसिंग
परीक्षा सेंटर पर भीड़भाड़ होने के कारण शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो सका। स्कूल कैंपस में शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए गोले बनाए गए हैं लेकिन परीक्षार्थियों की भीड़ के कारण यह गोले कम पड़ गए और परीक्षार्थी शारीरिक दूरी बनाए रखने की बजाए कतार में पास-पास खड़े नजर आए।