युवती से शोषण, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी

Sep 07 2020

ग्वालियर।  शहर के माधवगंज इलाके में रहने वाली एक युवती का ना सिर्फ मदद के बहाने दैहिक शोषण किया गया बल्कि लड़की के पिता को रिटायरमेंट के रूप में मिले फंड और बीमा के पैसे भी कथित प्रेमी हड़प गया। जब लड़की ने शादी के लिए दबाव बनाया तो उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ब्लैकमेल करता रहा परेशान होकर लड़की ने एसपी से मदद की गुहार लगाई है।
दरअसल माधव गंज इलाके में रहने वाली एक युवती की पहचान गुड़ा इलाके में रहने वाले देवेंद्र सिकरवार के साथ हुई थी। दो साल पहले में लड़की के सिंचाई विभाग में पदस्थ पिता को कैंसर हो गया था और लड़की अपने पिता को लेकर अक्सर अस्पताल जाती थी। इस दौरान उसके पिता को लाने ले जाने में मदद कर देवेंद्र सिकरवार ने लड़की से नजदीकियां बढ़ाई और उसे शादी का झांसा दिया। इस बीच देवेंद्र ने कई मर्तबा लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान 2018 में ही लड़की के पिता की मौत हो गई। पिता की मौत के बाद बीमा और फंड के रूप में मिले 22 लाख में से 11 लाख रूपए किसी तरह लड़की को बहला-फुसलाकर देवेंद्र ने अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा टीवी और एसी की किस्त भी लड़की से भरवाता रहा लेकिन जब लड़की ने शादी के लिए दबाव बनाया तो उसके अश्लील वीडियो अपने पास होने की धमकी देकर देवेंद्र उसे ब्लैकमेल करता रहा । परेशान होने के बाद लड़की ने एसपी को शिकायत दर्ज कराई है एसपी ने लड़की को संबंधित थाने भेजा है और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।