तेज धूप से शहरवासी परेशान

Sep 04 2020

ग्वालियर। टर्फ लाइन बनी होने के बावजूद शहर में एक दिनी राहत के बाद शुक्रवार को फिर सुबह से आफतभरी धूप ने परेशान करके रख दिया। हालांकि बीते 24 घंटे में फिर 10.7 मिलीमीटर बरसात दर्ज होने के साथ ही इसका कुल सीजनेबल आंकड़ा 517.5 मिलीमीटर तक पहुंच गया है, लेकिन अब भी काफी बरसात की जरूरत है।
मौसम के जानकारों का कहना है कि ग्वालियर में अधिकांश पिछले कुछ सालों से सितंबर माह में ही पानी की पूर्ति हो पाती है। वहीं सात सितंबर के बाद एक सिस्टम और बंगाल की खाड़ी से पहुंचेगा, यदि सब ठीक रहा तो फिर औसत आंकड़े से ऊपर भी निकल सकते हैं। वहीं दो दिन अभी टर्फ लाइन भी कायम रहेगी। जो गरजदार बरसात को अंजाम दे सकती है।                
इधर शहर की प्यास बुझाने वाले तिघरा जलाशय में बीते एक सप्ताह से बूंद भर पानी नहीं बढ़ा है, जिसके चलते इसका जलस्तर 737.25 पर अटक गया है। तिघरा प्रभारी संतोष तिवारी का कहना है कि इसके कैचमेंट एरिया में रत्तीभर बरसात नहीं हुई है, जिसका सीधा असर तिघरा के जलस्तर पर पड़ रहा है। हालांकि अगले सीजन तक का पानी तिघरा में जमा है, लेकिन जब तक यह पूरा नहीं भर जाता तब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं माने जा सकते।
बीते दो दिन तो ठीक पानी गिर गया है, अब भी टर्फ लाइन बनी हुई है, जिसके असर से गरज के साथ छींटे और तेज बरसात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि आगे की बात करें तो सात तारीख के बाद एक सिस्टम और आ जाएगा, वैसे भी बीते कुछ साल से सितंबर में भी शहर में ज्यादा पानी गिरता है, यह इस बार भी संभव है।