बाड़े पर बढऩे लगा अतिक्रमण, व्यापारियों ने आयुक्त को पत्र लिखा

Sep 03 2020

ग्वालियर। शहर के ह्रदय स्थल महाराज बाड़े पर अतिक्रमण धीरे-धीरे बढऩे लगा है। ऐसे में बाड़े पर स्थित प्रमुख बाजारों टोपी बाजार, सुभाष मार्केट, नजर बाग मार्केट के व्यापारी परेशान होने लगे हैं। इसके लिये इन बाजारों के पदाधिकारियों ने निगमायुक्त को पत्र लिखा है कि फिर से पुराने मदाखलत अधिकारी शशिकांत शुक्ला की नियुक्ति इसी क्षेत्र में की जाये। 
पिछले दिनों मदाखलत अधिकारी शशिकांत शुक्ला को दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से हटा दिया गया था। इसी क्षेत्र में महाराज बाड़ा और उसके प्रमुख बाजार स्थित हैं। इन बाजारों के व्यापारियों की यह शिकायत है कि उनके बाजारों के आने जाने के रास्ते पर फुटपाथ का सामान बेचने वालों ने कब्जा कर लिया है। ऐसे में उनका व्यापार पूरी तरह चौपट हो गया है। पहले तो कई महीनों तक लॉकडाउन की वजह से उनका कारोबार ठप पड़ा था। अब शुरू हुआ है तब फुटपाथ पर सामान बेचने वालों ने इनके रास्ते पर कब्जा कर लिया है तथा दुकानों के बाहर भी सामान रख लिया है। जबकि हाईकोर्ट ने यहां से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में फिर से शुक्ला को मदाखलत अधिकारी  पदस्थ किया गया है।