बरसात से शहर का मौसम हुआ सुहाना

Sep 03 2020

ग्वालियर। लगातार सूखे के हालात से गुजर रहे शहर में देर रात से अलसुबह तक साढ़े तीन घंटे में हुई  ३9.7 मिलीमीटर बरसात ने तरबतर करके रख दिया। इसका पूर्वाभास मौसम विभाग को भी नहीं था, लेकिन ग्वालियर से सतना के बीच कुछ ही घंटे में तैयार हुई टर्फ लाइन ने सारे पूर्वानुमान और संभावनाओं पर पानी फेरते हुए झमाझम बरसात करवा दी। यही नहीं इसके बाद घने बादलों के असर के चलते शहर का मौसम लगातार सुहाना बना हुआ है, वहीं शीतल हवा भी खूब सुकून दे रही है। यह बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी का असर इस सुकून को कम से कम अभी ढेढ़ दिन और शहरवासी महसूस कर सकेंगे। ऐसा मौसम के जानकारों का मानना है। इस बरसात के साथ ही शहर में बारिश का सीजनेवल आंकड़ा ३9.7 मिलीमीटर पर पहुंच गया है। यह बरसात रात ढाई बजे से सुबह साढ़े बजे तक दर्ज हुई है। यदि फिलहाल इसी तरह से बरसात मेहरबान हो जाती है तो फिर औसत आंकड़े के समीप पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।
सुबह न्यूनतम पारा 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही सुबह साढ़े पांच बजे 25.4 व साढ़े आठ बजे 26.6 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज हुआ। पानी के साथ ही बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते बाहर से आने वाली नमी की मात्रा तेजी से बढ़ी और आद्र्रता 97 प्रतिशत तक पहुंच गई। इधर सूरज की तपन और उमस से राहत मिलते ही लोंगों ने चैन की सांस ली। रात तक पानी के आसार नहीं थे, लेकिन सुबह जो लोग जल्दी जागे उन्हे बरसात ने खूब आनंदित किया, वहीं जो देर से जागे उन्हें कमरे से बाहर आते ही शीतलता के अहसास ने खूब प्रफुल्लित किया। ऐसे में कई फिर पिकनिक के मूड में आ गए और तुरत फुरत तैयारी कर पहुंच गए पिकनिक स्पॉटों पर। किले पर तो सुबह से ही जमकर भीड़ रही।
तिघरा में घटा जलस्तर
जहां इस मौसम में तिघरा को लबालब होते देखना सैलानियों को रोमांचित करता है, वहीं शहर की प्यास बुझाने की चिंता से भी मुक्ति मिल जाती है, लेकिन इस बार उल्टा हो रहा है, जहां पिछले माह तक तिघरा के पानी में बढ़ोतरी हो रही थी, वहीं एक सितंबर से अब तक तिघरा का जल स्तर 737.30 फुट से घटकर 737.25 फुट ही रह गया है।