अलग-अलग हादसों में चार की मौत

Sep 02 2020

ग्वालियर। अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने कोल्डड्रिंक में मिलाकर जहर गटक लिया। जब उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 
मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर निक्की शर्मा पुत्र मथुरा प्रसाद शर्मा उम्र 26 साल ने कोल्डड्रिंक में मिलाकर जहर गटक लिया। जब उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया है। फिलहाल पता नहीं चला है कि उसने खुद जहर गटका या फिर उसे किसी ने जहर मिलाकर दिया है। 
बाइक से गिरी महिला की मौत
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर में दामाद के साथ बाइक से दवा लेकर लौट रही महिला की गिरने से मौत हो गई। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रामनरेश सिंह ने बताया कि दबोह निवासी भूरी देवी (48) की तबियत कुछ दिनों से खराब चल रही थी तो वह अपने दामाद सत्येन्द्र सिंह के साथ दवा लेने के लिए परिवार अस्पताल आई थी। दवा लेने के बाद सास व दामाद जब सिटी सेंटर पहुंचे तो अचानक भूरी देवी बाइक से गिर गई और घायल हो गई। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
सल्फास की गोली खाने से युवक की मौत
बिजौली निवासी राजेन्द्र राणा पुत्र गोविन्द राणा पेशे से किसान है और वह घर से मुरार थाना क्षेत्र स्थित छह नंबर चौराहे के पास स्थित मंदिर पर पहुंचा और सल्फास की गोलियां गटक लीं। जब उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पता नहीं चला है कि किन कारणों के चलते उसने यह कदम उठाया है। 
युवक फांसी पर झूला
ग्वालियर थाना क्षेत्र के रमटापुरा नंबर दो निवासी श्यामू उर्फ मोनू कुशवाह (20) पुत्र काशीराम कुशवाह ने स्टोर रूम में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पता नहीं चल सका है कि किन कारणों के चलते उसने आत्महत्या की है। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक महाराज बाड़ा स्थित एक शॉप पर काम करता था।