दो टीमों ने दी दबिश शराब माफिया से जंग, पुलिस ने ताबड़तोड़ की दबिश

Sep 01 2020

ग्वालियर। शराब पकड़े जाने के बाद थाने पहुंचकर माफिया द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद पुलिस भी आर-पार के मूड में आ गई है। फायरिंग करने वालों की तलाश में एक्शन में आई पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर दबिश दी, लेकिन हमलावर हाथ नहीं आए है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की कार की तलाश की जा रही है। जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पंकज पाण्डे, सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया व थाना प्रभारी हजीरा के साथ ही आस-पास के थानों का बल तथा रात्रि गश्त में निकले अफसर भी मौके पर पहुंचे और दो टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। जिस तरह हमलावरों ने फायरिंग की उससे थाना परिसर में खड़े पुलिसकर्मी अशोक सिकरवार, तरूण, भानू, श्रीकृष्ण राठौर गोली लगने से बचे। वहीं पास ही पुलिस कॉलोनी में ंरहने वाले आरक्षक मनमोहन राजावत के चौथी मंजिल स्थित सरकारी आवास में गोली कांच तोड़ती हुई अंदर पहुंची, जिससे कमरे में सो रहे बच्चे भी गोली लगने से बच गए।         
हजीरा थाना पुलिस लाइन नंबर 4 बिरला नगर से 10 पेटी शराब के साथ दो युवक आशीष शर्मा और कल्लू राजपूत को पकड़ा था। पूछताछ में पता चला कि शराब रामू तोमर की है। इसका पता चलते ही पुलिस टीम रामू तोमर की तलाश में रवाना हुई। इसी बीच रामू तोमर के साथी शैलेन्द्र परमार, रविन्द्र परमार तथा एक अन्य कार से हजीरा थाने पहुंचे और अपनी कार थाने के गेट पर खड़ी कर दी।
जब उन्हें हटाने के लिए पुलिस जवान वहां पर पहुंचे तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए करीब एक दर्जन फायर ठोक दिए। बदमाशों का दुस्साहस देखते हुए पुलिस कर्मी अपने हथियार लेकर आए तो हमलावर वहां से भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया और सिमको तिराहे तक बदमाश दिखाई दिए, इसके बाद गायब हो गए। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। 
शराब माफियाओं ने की हजीरा थाने पर फायरिंग 
  हजीरा थाने पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके फरार हुए शराब माफियाओं को पुलिस कप्तान अमित सांघी ने दो टूक और कड़े शब्दों में चेतावनी है कि वे ग्वालियर को यूपी नहीं बनने देंगे। पुलिस कप्तान ने कहा कि थाने पर फायरिंग करने वालों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गयाहै। लगभग सभी आरोपियों के नाम पुलिस के पास पहुंच चुके हैं और इनकी तलाश में पुलिस पार्टियां घटना के बाद से ही छापे मार रही हैं और जो जहां जिस हाल में मिलेगा, उसे वहां से उस हाल में ही लाया जाएगा।
माफिया से जुड़े लोगों ने ग्वालियर की पुलिस को उस समय हिलाकर रख दिया जब यह कार में सवार होकर हजीरा थाने पर पहुंचे। थाने की तरफ हथियारों की नाल तानकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। फायरिंग के लिए थाने में मौजूद फोर्स तैयार नहीं था और फायरिंग करने वाले तुरंत ही मौके से भाग निकले। हालांकि इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापे मारे पर आरोपी हाथ नहीं लगे।