रंजिश के चलते सोते में किसान की हत्या

Aug 31 2020

ग्वालियर। भतीजे के साथ सो रहे किसान की अज्ञात बदमाशों ने सिर पर वार कर हत्या कर दी। वारदात उटीला थाना क्षेत्र के बढ़ेरा-फुटकर गांव की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या करने वालों का सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने एक युवक पर शंका व्यक्त की है, संदेही युवक अपने घर से गायब है। फिलहाल पुलिस संदेही युवक की तलाश में जुटी हुई है।
उटीला थाना क्षेत्र के बढ़ेरा- फुटकर निवासी रघुवर प्रसाद कुशवाह (43) पुत्र आशाराम कुशवाह पेशे से किसान है। वह खाना खाकर अपने दस वर्षीय भतीजे को लेकर दरवाजे पर चारपाई डालकर सोया था। रात करीब ढाई बजे भतीजे को चारपाई पर गीला लगने पर आंख खुली तो उसने देखा कि रधुराज प्रसाद कुशवाह घायल हालत में पड़ा था और खून से लथपथ था। मामले का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गं ाीरता को देखते हुए मौके पर ही एफएसएल एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव के साथ ही वरिष्ठ अफसरों को भी बुलवा लिया।               
मौके पर पहुंचे अफसरों का मानना है कि रघुवर प्रसाद पर सोते समय ही हथौड़े जैसे हथियार से वार किया है, जिससे ना तो उसे बचने का मौका मिला और ना ही वह बचाने के लिए मदद मांग सका।
युवक पर संदेह
परिजनों ने हत्या का संदेह भोला नामक युवक पर जताया है। उनका कहना था कि दो माह पूर्व भोला परिवार की एक महिला को बहलाकर ले गया था। इस मामले में रघुवर प्रसाद ने प्रयास कर 15 दिन पहले ही महिला को वापस ले आया था। संभवत: इसी दुश्मनी के चलते उसने हत्या की होगी। इसका पता चलते ही पुलिस संदेही युवक के घर पर पहुंची, लेकिन संदेही अपने घर से गायब मिला। पुलिस अब उसकी तलाश में अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।