लड्डू, मोदक का भोग लगाकर श्रीजी की विदाई

Aug 30 2020


ग्वालियर। गौरी पुत्र गणेश की रविवार सुबह से विदाई का सिलसिला शुरु हो गया और लड्डू और मोदक का भोग लगाकर भक्त परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए श्रीजी का विसर्जन कर रहे हैं। आज सुबह से ही सावरकर सरोवर पर प्रतिमा विसर्जन के लिए लोग पहुंच रहे हैं जहां नगर निगम के कर्मचारी द्वारा प्रतिमाओं को पानी में विसर्जित करने से रोका जा रहा है और बाहर खड़े चलित वाहनों में प्रतिमाएं विसर्जित कराई जा रही हैं। श्रीजी की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला ढोल ग्यारस से शुरु हो गया जो अनंत चौदस तक चलेगा। रविवार को जहां सावरकर सरोवर पर प्रतिमाओं का विसर्जन चलित वाहनों में किया जा रहा है तो वहीं कई श्रद्धालु प्रतिमाओं को लेकर सागरताल भी पहुंचे, लेकिन यहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने इन्हें रोक दिया और वाहनों में प्रतिमाओं का विसर्जन कराया।
गणेश उत्सव के दौरान कई लोग जलाशयों में प्रतिमा को विसर्जित करने के बजाए घर में ही गमलों में श्रीजी का विसर्जन कर रहे हैं। अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन के अध्यक्ष राजेश ऐरन ने भगवान गणपति को पानी में गंगा जल मिलाकर विसर्जन किया। वहीं कई लोग अपने घर में ही विसर्जित करते हुए श्रीजी की विदाई कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान के सहयोग से श्रीजी का विसर्जन करा रहा है।