एक साल बाद हुआ अंधे कत्ल का खुलासा, हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी प्रेमी-प्रेमिका को लिया हिरासत में

Aug 30 2020

ग्वालियर। एक साल पहले हुई ऑटो ड्राइवर की पत्थर से कुचलकर हुई हत्या का खुलासा हजीरा थाना पुलिस ने कर लिया है। पुलिस ने आरोपी युवक व उसकी प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पड़ताल में पता चला है कि आरोपी की पुरानी रंजिश थी और बदला लेने के लिए ही उसने प्रेमिका के साथ वारदात को अंजाम दिया था। 
एसपी अमित सांघी ने बताया कि सरकारी मल्टी थाटीपुर निवासी धर्मेन्द्र कोली ऑटो चालक था और वर्ष वर्ष 2019 में उसकी लाश जेसी मिल के जंगल में पत्थर से कुचली हालत में मिली थी। मामले की जांच की तो पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों से पता चला कि मृतक को नशे की हालत में एक नकाबपोश युवक व युवती एक्टिवा से यहां तक लेकर आए थे और हत्या की थी। इसका पता चलते ही पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश के लिए सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया व टीआई हजीरा आलोक परिहार के नेतृत्व में एक टीम बनाई, जिसमें एसआई गौरव नगावत, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह, हरि प्रताप सिंह, आरक्षक जनक, अशोक सिकरवार को शामिल किया। पुलिस पड़ताल कर रही थी कि तभी पता चला कि फुटेज में दिख रहे हुलिए का युवक भानू बंसल और उसकी प्रेमिका पिंकी गुप्ता है। इसका पता चलते ही पुलिस ने भानू को लिफ्ट कर पूछताछ की तो वह खुद को बेगूनाह बताता रहा और इसके बाद पुलिस ने पिंकी को लिफ्ट किया और अलग-अलग बिठाकर पूछताछ की तो उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर ली। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसकी पुरानी अदावत थी और वारदात की रात वह नशे में दिखा तो वह उसे जेसीमील ले गए और उसकी हत्या कर दी।