आज से सक्रिय होगा बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम

Aug 27 2020

ग्वालियर। इस बार बरसात के हालात बेहद नाजुक हैं, जहां बीते सात दिन में बरसात का आंकड़ा एक ही स्थान पर टिका हुआ है, वहीं लगातार बढ़ता तिघरा डैम का जल स्तर भी तीन दिन से थम कर रह गया है। आस सभी को है, लेकिन बात नहीं बन रही। अब मौसम विभाग का कहना है कि एक और सिस्टम बंगाल की खाड़़ी में तैयार हो रहा है, जिसके प्रभाव से आज भले ही बूंदाबांदी हो, लेकिन आज रात से अच्छी बरसात के आसार हैं। फिलहाल तो
हालात यह है कि पिछले साल की अपेक्षा बरसाती आंकड़े में काफी पिछड़े हुए हैं। गत साल जहां 27 अगस्त तक 546 मिलीमीटर पानी गिर चुका था, वहीं इस साल यह आंकड़ा 438.6 मिलीमीटर पर टिका है। रोज बादल आते हैं, लेकिन बरसात नहीं होती।              
जहां पिछले सात दिन से बरसाती आंकड़ा 438 .6 मिलीमीटर पर टिका है, जो कि औसत बरसात 790 मिलीमीटर से बेहद कम है, क्योंकि मानसून अब रवानगी डालने वाला है, वहीं तिघरा का जल स्तर बीते तीन दिन से 737. 25 फुट पर टिका हुआ है। इसमें एक बूंद पानी का भी इजाफा नहीं हुआ है। तिघरा प्रभारी संतोष तिवारी का कहना है कि डैम के कैचमेंट एरिया में पांच दिन से बरसात नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है, यदि दो या तीन दिन अच्छा पानी गिर जाए तो फिर तिघरा लबालब हो जाएगा। गत वर्ष भी तिघरा को फुल होने के लिए सिंतबर तक इंतजार करना पड़ा था।