24 घंटे में एक इंच भी नहीं बढ़ा तिघरा का पानी

Aug 26 2020

ग्वालियर। शहर में तो सूखे के हालात हैं साथ ही अब तिघरा के कैचमेंट एरिया वाले घाटीगांव, मोहना क्षेत्र में भी बरसात पर टोटल रोक लगी हुई है, इसके सहयोगी बांध ककेटो व पेहसारी भी पूरे नहीं भर सके हैं जिसके चलते तेजी से बढ़ रहा तिघरा का जल स्तर बीते 24 घंटे से थम गया है। इस दौरान इसमें एक इंच पानी का भी इजाफा नहीं हुआ है। मंगलवार को तिघरा में 737.25 फुट पानी था आज बी यह सीमा यहीं स्थिर है। अभी तिघरा को सवा दो फुट पानी की और जरूरत है। वहीं बरसात का आंकड़ा भी स्थिर बना हुआ है। यह आज सुबह 437 मिलीमीटर ही रहा। महज 2 मिलीमीटर की बढ़ोतरी हुई है।
उल्लेखनीय है कि बीते सात दिन से शहर में मामूली बूंदाबांदी के अलावा तेज वर्षा देखने को नहीं मिली है जिसके चलते बरसात का आंकड़ा आगे नहीं बढ़ पा रहा है। अब फिलहाल कोई भी सिस्टम शहर में सक्रिय नहीं है जिसके चलते अच्छी बरसात की संभावना से भी मौसम विभाग फिलहाल इंकार कर रहा है। मौसम वैज्ञानिक उदय सर्वटे का कहना है कि एक और सिस्टम अरब सागर में तैयार हो रहा है यदि वह पूरी तरह ग्वालियर में बरसता है तो फिर बरसात का आंकड़ा पूरा हो सकता है। उधर कम वर्षा के चलते एक बार फिर किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें उभरने लगी हैं। वह दिनभर आसमान की ओर ताक लगाए बरसात का इंतजार कर रहे हैं