जमीन के विवाद में युवक को मारा बका

Aug 26 2020

ग्वालियर। जमीन पर अतिक्रमण करने को लेकर बुधवार सुबह आसमानी माता मंदिर पर जमकर हंगामा हुआ और एक युवक ने परिवार सहित लाथी, डंडों और बके से दर्शनार्थी पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित आसमानी माता मंदिर के पास की होना बताई गई है।
बताया गया है कि आसमानी माता मंदिर पर निर्माण कार्य चल रहा है और इस मंदिर के पीछे वन विभाग की जमीन पड़ी हुई है, जिस पर पंचम माहौर द्वारा कब्जा किया जा रहा है। पंचम माहौर की झोपड़ी को वन विभाग ने तोड़ दिया था और हिदायत दी थी कि वह वन विभाग की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश न करे, इस बात से नाराज होकर पंचम और उसके परिजनों ने आसमानी माता मंदिर के निर्माण कार्य को रोकने का प्रयास किया और दीवार को गिरा दिया। मंदिर के पदाधिकारी नबल पुत्र रामस्वरूप मांझी ने जब इसका विरोध किया तो पंचम अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडे और बका लेकर पहुंचा और नबल पर जानलेवा हमला कर दिया। नबल पर हमले की खबर मिलते ही आसमानी माता मंदिर के पदाधिकारी भी एकत्रित हो गए और जमकर हंगामा किया। घटना की खबर मिलते ही जनकगंज थाना प्रभारी विनय शर्मा मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। 
हमले के बाद पंचम अपने परिवार के साथ थाने पहुंच गया है और आरोप लगा रहा है कि मंदिर प्रबंधन द्वारा उसकी झोपड़ी तुड़वाई गई है और उसके साथ मारपीट की गई है, जबकि मंदिर प्रबंधन के पदाधिकारियों का कहना है कि पंचम आए दिन इस तरह की हरकतें करता है और सरकारी जमीन पर कब्जा करने के बाद उन्हें बेच देता है। फिलहाल पुलिस जांच करने में जुट गई है।