बहोड़ापुर व तिघरा थाना पुलिस ने एटीएम तोडऩे से पहले दबोचा

Aug 23 2020

ग्वालियर। आधी रात को एटीएम तोडऩे का प्रयास कर रहे एक बदमाश को एफआरवी दो ने बहोड़ापुर व तिघरा मोबाइल की मदद से पकड़ा है। समय रहते अगर एफआरवी नहीं पहुंचती तो आरोपी वारदात को अंजाम दे देता। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के उरवाई गेट के पास एक्सिस बैंक के एटीएम की है। पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकरपुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
सीएसपी ग्वालियर नागेन्द्र सिंह ने बताया कि बीती रात गश्त करते हुए एफआरवी दो पर पदस्थ आरक्षक राजवीर यादव, सैनिक वेदराम व पायलट उरवाई गेट पहुंचे तो वहां पर एक युवक एटीएम से निकलता दिखा, शंका होने पर उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने दौड़ लगा दी। युवक को दौड़ते देखकर एफआरवी ने पीछा किया और कंट्रोल रूम को सूचना दी। 
सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम में तैनात एएसआई ओपी शर्मा व फरीद खान ने गश्त में निकली बहोड़ापुर मोबाइल व सर्किल गश्त कर रहे थाना प्रभारी तिघरा को भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का निर्देश दिया। जिस पर मोबाइल व एफआरवी ने घेराबंदी की और एक युवक को आधा घंटे की मशक्कत के बाद दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवक ने बताया कि उसका नाम संजय कुशवाह पुत्र ाोलाराम कुशवाह निवासी उरवाई गेट है। 
शनिवार को ही हुआ एटीएम लोड
बताया गया है कि पकड़ा गया युवक पास ही रहता है और पेशे से मैकेनिक है। उसे पता था कि शनिवार की शाम ही एटीएम में पैसे लोड किए गए हंै। समय रहते एफआरवी के पहुंचने से एक बड़ी घटना होने से टल गई। 
सीसीटीवी कैमरे देखते ही खोला राज
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो उसने बताया कि वह पैसे निकालने के लिए आया था और टूटा एटीएम देखकर बाहर आ गया और पुलिस को सामने देखकर वह घबरा गया था, इसलिए वह भागा था। शंका होने पर पुलिसकर्मियों ने वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि युवक झूठ बोल रहा है, क्योंकि वह एटीएम में रात 11.42 बजे घुसा था और जब एफआरवी वहां पर पहुंची उस समय रात के 12.26 बज रहे थे। मामला खुलता देखकर युवक टूट गया और एटीएम तोडऩे का प्रयास करना कबूला है।