भाजपा के महासदस्यता अभियान में शहर सील, फूलबाग अस्त-व्यस्त

Aug 22 2020

ग्वालियर। भाजपा के महासदस्यता अभियान को देखते हुए पूरा फूलबाग क्षेत्र भीड के कारण अस्तव्यस्त रहा, वहीं कांग्रेस के विरोध को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पूरा शहर सील कर दिया था। देखा जाए तो पुलिस और प्रशासन का पूरा जोर कांग्रेसियों के विरोध को रोकना था और उन  फूलबाग के आस-पास उन रास्तों को बेरिकड्स लगाकर ब्लॉक कर दिया था, जहां से विरोध करने कांग्रेसी आ सकते है। इन स्थानों पर भारी पुलिस जवान व अफसर तैनात कर दिए थे। 
शनिवार से शुरू हुए भाजपा के महासदस्यता अभियान के पहले ही दिन फूलबाग चौराहे पहुंचने वाले मार्ग पर भीड़ के चलते पूरा इलाका अस्तव्यस्त हो गया था और जाम के हालात बन रहे थे। कारण था कि शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोग यहां पर पहुंचे थे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही कार्यक्रम स्थल पर करीब दो हजार से ज्यादा कार्यकर्ता पहुंच गए थे और उनका आना लगातार जारी था। 
सिंधिया व तोमर पहुंचे एयरपोर्ट, सीएम का किया इंतजार
महासदस्यता अभियान में शामिल होने आए केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया एयरपोर्ट पहुंच गए और मु यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आने का इंतजार किया। 
पुलिसकर्मी देखते रहे जाम में उलझ गए वाहन 
फूलबाग के रास्ते गुजरने वाले वाहन भीड और पुलिस व्यवस्था के चलते आपस में उलझ कर रह गए। यहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों का पूरा जोर सिर्फ कांग्रेसियों पर नजर रखना था। यहां पर जाम में फंसे वाहन चालकों को पुलिसकर्मी सिर्फ देखते रहे और जाम खुलवाने पर उनका ध्यान नहीं था। 
रैलियों में पहुंचे कार्यकर्ता
शनिवार की सुबह से ही शहर के हर मार्ग से भाजपा कार्यकर्ता रैलियां बनाकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। वहीं ग्वालियर विधानसभा से कार्यकर्ता बुलेट बाइक पर रैली निकालकर पहुंचे।  महासदस्यता अभियान में पुरूष कार्यकर्ताओं के साथ ही महिला कार्यकर्ता भी बढ़चढ़कर भाग लेने कार्यक्रम में पहुंची। 
फूलबाग तक आने वाले हर मार्ग पर पुलिस जवान व अफसर तैनात थे और हर व्यक्ति पर नजर रख रहे थे कि कहीं विरोध करने वाले वहां से कार्यक्रम में ना पहुंच पाए।