तेज बारिश से शहर का मौसम हुआ ठण्डा

Aug 20 2020

ग्वालियर। गुरुवार को आसमान में मानसून द्रोणिका के फिर सक्रिय होने पर ठीक 10:10 बजे बारिश शुरू हुई। एकदम से मानसून की तेज बारिश से शहर का मौसम ठंडक भरा हो गया। इसके बाद तो बारिश की झड़ी लगी रही। कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश ने गर्मी से तो राहत तो दी लेकिन जलभराव और कीचड़ से मुसीबत बढ़ गई। 
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पूरे सप्ताह बादलों का डेरा बना रहेगा। गरज चमक संग बारिश के आसार हैं। इस बीच धूप निकली भी तो वह कमजोर रहेगी। इधर तेज बारिश से शहर के कई क्षेत्र लबालब हो गए। वहीं नालियों का गंदा पानी हर तरफ भरा रहा। 
कल से लोगों को उमस परेशान कर रही थी। अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री कम होकर 30.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान मामूली अंतर के साथ कुछ कम होकर 26 डिग्री सेल्सियस पर टिका। वातावरण में नमी उच्चतम 100 तो न्यूनतम 76 फीसदी रही। पश्चिम बंगाल से आने वाली हवाओं को स्थानीय चक्रवात का साथ बारिश करा रहा है। यह स्थिति अभी बनी रहेगी।