गर्मी और उमस से लोग हुए परेशान

Aug 18 2020

ग्वालियर। बादलों ने एक बार फिर डेरा डाला और गरज- चमक के साथ बौछारें शुरू कर दी। शाम को हल्की बारिश के साथ बादल भी गरजते रहे। इधर मौसम विभाग ने दो-तीन दिन इसी तरह गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। शहर में पिछले दिनों लगातार पानी गिरने से तिघरा भी लबालब हो गया है। 48 घंटे में जहां करीब दो इंच बारिश दर्ज की गई।
हालांकि मौसम विभाग की माने तो उत्तर पूर्वी मप्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। 19 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र भी सक्रिय हो जाएगा। लिहाजा दो-तीन अभी इसी तरह चमक-गरज के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।                   
इधर सूर्य देवता भी सुबह से आ-जा रहे हैं। इसके प्रभाव से मौसम में गर्मी और उमस का सितम बढ़ रहा है। सुबह से ही उमस व गर्मी ने लोगों को पसीना पसीना करके रखा है। लगातार उमस और गर्मी लोगों को हाल बेहाल कर रही है। उमस व गर्मी के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। आए दिन मौसम का मिजाज बदलता है। आसमान में बादल छा जाते हैं और बारिश हल्की होती है। कुछ घंटे मौसम में ठंड रहती है, लेकिन फिर उमस व गर्मी का सितम जारी हो जाता है। 11 बजे के बाद मौसम में बदलाव की स्थिति बनी, लेकिन बारिश से शहर वंचित रहा।
सुबह से हवा की चाल भी धीमी रही, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। बरसात का मौसम चल रहा है, लेकिन गर्मी और उमस हावी है। दोपहर तक का हाल यह हो रहा है कि पंखों की हवा से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। वहीं एसी और कूलर फिर से शुरू हो गए हैं।