सात पिस्टलों सहित तस्कर दबोचा

Aug 17 2020

ग्वालियर। अवैध हथियार लेकर आए एक तस्कर को क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गोला का मंदिर इलाके से दबोचा है। पकड़े गए तस्कर को हिरासत में लेकर क्राइम ब्रांच की टीम पूछताछ में जुट गई है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से सात पिस्टल बरामद की है। क्राइम ब्रांच डीएसपी रत्नेश तोमर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक हथियार तस्कर अवैध हथियार लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपी को पकडऩे के लिए लगाया। टीम को गोला का मंदिर इलाके में एक युवक संदिग्ध दिखाई दिया। जिसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम अर्जुन परिहार निवासी गोला का मंदिर बताया है। उसकी तलाशी ली तो उसके पास से सात पिस्टल बरामद हुई है। पिस्टल बरामद होते ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।             
पत्नी को कट्टे से धमका रहे आरोपी को पकड़ा
थाटीपुर थाना पुलिस ने बताया कि गल्ला कोठार निवासी कल्याण सिंह पुत्र प्राण सिंह की दो दिन पहले अपनी पत्नी पुष्पा की मारपीट की थी। जिसकी शिकायत उसने थाने में की थी। जमानत पर छूटने के बाद वह घर पहुंचा और पत्नी के हाथ पैर बांधने के बाद मारपीट की और कट्टे दिखाकर गोली मारने की धमकी दे रहा था। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कट्टा सहित आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ आ र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।                
इनामी पकड़े
क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो इनामी बदमाशों को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा है। पकड़े गए इनामियों पर 14 हजार रुपए का इनाम घोषित था। क्राइम ब्रांच डीएसपी रत्नेश सिंह ने बताया कि अजय सिंह नरवरिया तथा दूसरे ने अपना नाम रामवीर लोधी बताया है। पकड़े गए बदमाशों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।                       
हत्या के प्रयास का आरोपी पकड़ा                 
लॉकडाउन में दुकान खोलकर कोल्डड्रिंक न देने पर फावड़े से हमला कर महिला की आंख बाहर निकालने वाले आरोपी को थाटीपुर थाना पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। थाटीपुर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी सुधीर किरार (सखवार) मीना गुप्ता की दुकान पर पहुंचा और लॉकडाउन में बंद दुकान को खोलकर कोल्डड्रिंक की मांग की। जब उसने कोल्डड्रिंक देने से इनकार किया तो आरोपी ने उस पर फावड़े से हमला कर दिया था। जिससे मीना की एक आंख बाहर निकल आई थी। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने आज सुबह आरोपी को उसके घर से दबोच लिया।