सालों बाद पहली बार अचलेश्वर पर नहीं विराजेंगे गणपति

Aug 16 2020

ग्वालियर। 25 साल के इतिहास में यह पहली बार ऐसा हो रहा है कि इस बार 22 अगस्त को शुरू होने जा रहे गणेश उत्सव पर संकट छा गया है। अचलेश्वर मंदिर में श्रीजी की विशाल प्रतिमा की स्थापना नहीं होगी। कोरोना महामारी ने शहर के गणेश भक्तों को उदास और मायूस कर दिया है। अचलेश्वर न्यास से मिली जानकारी अनुसार इस बार गणेशजी की विशालकाय प्रतिमा की स्थापना नहीं होगी।
मंदिर परिसर में ही रामजानकी दरबार में गणेश भगवान की छोटी प्रतिमा की स्थापना शुभ मुहूर्त में की जाएगी। शासन द्वारा मिली पर्व की गाइड-लाइन के अनुसार शहर में इस बार जगह-जगह गणपति नहीं विराजे जाएंगे। इधर शहर के मूर्तिकार निराश हैं उनका कहना है कि कोरोना ने उनका धंधा चौपट कर दिया है। गणेश उत्सव से हमें आस थी कि लोग प्रतिमाएं लेकर जाएंगे, लेकिन अब यह संभव नहीं है। फिर भी यह मूर्तिकार गणेशजी की छोटी और बड़ी प्रतिमांओं का निर्माण कर रहे हैं। न्यास के पदाधिकारी सोनु वाजपेयी ने कहा कि कोरोना महामारी ने भक्तों को निराश किया है।