महाशिवरात्रि पर गुप्तेश्वर मंदिर में निकलेगा चल समारोह

Feb 13 2026

ग्वालियर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गुप्तेश्वर मंदिर में इस वर्ष भी विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को ध्यान में रखते हुए गुप्तेश्वर महादेव सेवा संघ द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक अनुष्ठानों, विशेष पूजन और सांस्कृतिक झांकियों के साथ यह आयोजन शिवरात्रि पर शहर का प्रमुख आकर्षण बनेगा। चल समारोह की शुरुआत सुबह 11 बजे मंदिर परिसर से होगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे।
सेवा संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चल समारोह गुप्तेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगा। यह जुलूस जनकगंज, सराफा बाजार, फालका बाजार स्थित राम मंदिर, ऊंट पुल और इंदरगंज मार्ग से होता हुआ अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगा। पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए भजन-कीर्तन, ढोल-नग्राड़े और शंख ध्वनि की विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारों के साथ शोभायात्रा में सम्मिलित होंगे।
चल समारोह के दौरान विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा, शीतल पेयजल वितरण और प्रसाद व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों के अनुसार, शहर के अलग-अलग हिस्सों में भक्तों की भारी भीड़ उमडऩे की संभावना है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए प्रशासन से भी सहयोग लिया जा रहा है। स्वयंसेवकों की टीम पूरे मार्ग में व्यवस्था संभालेगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस भव्य चल समारोह में भगवान शिव, माता पार्वती, नंदी और अन्य धार्मिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कलाकारों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में लगने वाले मेले में पूजन सामग्री, प्रसाद, धार्मिक पुस्तकें और पारंपरिक खाद्य पदार्थों की दुकानें सजेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रातभर चलने वाले भजन-कीर्तन और शिव आराधना कार्यक्रमों से भक्तों को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव होगा।
आज रात से बंद होगा अचलेश्वर मार्ग
शिवरात्रि 15 फरवरी को मनाई जाएगी पर अचलेश्वर मंदिर पर भक्तों की भीड़ आज 14 फरवरी की रात से ही उमडऩा शुरू हो जाएगी। भक्तों की सुरक्षा को देखते हुए शनिवार से मंदिरों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात हो जाएगा। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी यहां की सारी व्यवस्थाएं देखेंगे। भक्तों की भीड़ को देखते हुए अचलेश्वर मार्ग पर वाहनों का आवागमन 14 फरवरी की रात से रोक दिया जाएगा। अचलेश्वर मंदिर आने वाले भक्तों को पैदल चलकर ही मंदिर तक जाना पड़ेगा। शिवरात्रि को लेकर शहर के शिव मंदिरों में सजावट का काम तेजी से चल रहा है। शिव मंदिरों की रंगाई-पुताई कर दी गई है। मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। सभी मंदिरों पर भक्तों को प्रवेश के लिए महिला और पुरुषों की अलग-अलग कतारें रहेंगी। अचलेश्वर मंदिर पर जीवाईएमसी क्लब के पीछे से भक्तों को मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर पर भक्तों के प्रवेश के लिए गेट बनाए जा रहे हैं।
तीन द्वारों से भक्तों को मिलेगा गर्भगृह में प्रवेश
भगवान शिव के भक्तों का मंदिरों में पहुंचना आज शनिवार की रात से ही शुरू हो जाएगा। अचलेश्वर मंदिर पर महिला और पुरुष भक्तों की अलग-अलग लाइनें रहेंगी। भक्तों को चेंबर ऑफ कॉमर्स होते हुए जीवायएमसी क्लब और एमएलबी कॉलेज की ओर से गर्भगृह में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा महादजी चौराहा की ओर से आने वाले भक्तों को त्रिशूल द्वार से प्रवेश दिया जाएगा। भक्तों को इन्हीं मार्गों से वापस किया जाएगा। इंदरगंज चौराहे से एवं थीम रोड से मंदिर जाने वाले मार्ग पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। कोटेश्वर मंदिर पर दर्शनों के लिए महिला और पुरुषों की अलग कतारें लगाकर अलग-अलग गेट से प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर के गर्भगृह में एक बार में पुरुष तो एक बार में महिलाओं को प्रवेश दिया जाएगा।