दिव्यांगों के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित हैं-राजीव समाधिया

Feb 05 2026

भितरवार। दिव्यांगो के विकास के लिए शासन द्वारा कई योजनाएं संचालित की हैं। सरकार की उन योजनाओं का लाभ दिव्यांगो को मिल भी रहा है। दिव्यांग कौशल विकास का प्रशिक्षण लेकर किसी भी क्षेत्र में बेहतर कर सकते हैं। सरकार दिव्यांगों को हर तरह की सुविधा मुहैया कराकर आत्मनिर्भर बना रही है। यह बात एसडीएम राजीव समाधिया ने दिव्यांगों को सहायक उपकरण प्रदान करते हुए कही।
गुरुवार को जनपद शिक्षा केंद्र पर दिव्यांग जनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) जबलपुर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम राजीव समाधिया मुख्य अतिथि थे। जिन्होंने मां सरस्वती का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद भितरवार ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में अध्यनरत विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं को एसडीएम श्री समाधिया ने सहायक उपकरण प्रदान किए। जिनमें 16 श्रवण बाधित मशीन,7 ब्रेल किट,10 एल्बो क्रच, 4 रोलेटर,23 टीएलएम किट,3 ट्राई साइकिल,3 व्हील चेयर,10 कैलीपर उपकरण वितरण किए गए। जिन्हें पाकर दिव्यांग छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल गए।
वहीं समारोह पूर्वक कार्यक्रम में एसडीएम राजीव समाधिया ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों के विकास के लिए बेसिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सहायक उपकरण मिलने से बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा में मदद मिलेगी। आज के समय में प्रारंभिक विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं शासन स्तर से की जा रही है। शिक्षकों को अपने शिक्षण कार्य को व्यवस्थित रखने के लिए सदैव सर्जनात्मक कार्य करना चाहिए। शिक्षण कार्य एक पुण्य कारी सेवा है। शिक्षकों को सदैव अपने कार्य के प्रति तत्पर रहना चाहिए। सरकार के द्वारा शिक्षकों को बच्चों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य किया गया है।
दिव्यांग बच्चों के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, ऐसे बच्चों को शिक्षा के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रेरित किया जाना आवश्यक है। वाकई में ऐसे विद्यार्थियों की सेवा करना नारायण सेवा के समान है। वहीं कार्यक्रम में बीआरसीसी नरहरि मिश्रा ने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत अन्य सामान्य बच्चों की तरह दिव्यांग बच्चों को शिक्षित करना है। जिसके लिए ऐसे विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए जनपद शिक्षा केंद्र के माध्यम से समय-समय पर सहायक उपकरण वितरित किए जाते हैं। ताकि वह अन्य बच्चों की तरह बेहतर तरीके से अपना अध्यापन कर सके।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से एलिम्को जबलपुर के आनंद सिंह,विवेक कुमार,नीरज मौर्य, शिक्षक राकेश यादव आदि उपस्थित थे।