नशा समाज के लिए एक अभिशाप - मुन्नालाल गोयल

Feb 05 2026

ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला रंगमंच पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के कला पथक दल द्वारा नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रभावशाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न लोकनृत्य, नाट्य एवं गीतों के माध्यम से कलाकारों ने आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्ति का संदेश दिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों ने नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यक्तिगत नुकसान को गहराई से समझा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के उपरांत कलाकारों द्वारा मेले परिसर के भीतर विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर आमजन को सीधे संवाद के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया गया। इन नुक्कड़ सभाओं ने विशेष रूप से युवाओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, विशिष्ट अतिथि ऋषि श्रीवास्तव, समाजसेवी हरिओम गौतम, शशांक विरेही, श्रीमती पूर्वी अग्रवाल एवं सौरभ गर्ग उपस्थित थे।
इस अवसर पर रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने लोगों को जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का नशा न करने का संकल्प दिलाया। वहीं रमन शिक्षा समिति के वॉलंटियर्स द्वारा नशामुक्ति के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल ने सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज के लिए एक अभिशाप है। आज का युवा शौक-शौक में नशे के दलदल में फँसता जा रहा है, युवाओं को नशे से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में नरेन्द्र कल्याण, रामदास माहौर, विनोद मिश्रा, राजकुमार आर्य, भगवान दास, सशील, श्रीमती प्रीति मिश्रा, मोहिनी वाष्णेय, नेमी झा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित रहे।