किराए पर गाडियां लेकर गिरवी रखने वाला आरोपी 15 गाडिय़ो सहित पकड़ा

Feb 03 2026

ग्वालिय। हाईवे प्रोजेक्ट में गाडिय़ां अटैच कराने के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी अभय भदौरिया ने कई लोगों की महंगी और लग्जरी गाडिय़ों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें चोरी-छिपे गिरवी रख दिया।
इस मामले का पता तब चला, जब भास्कर शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी दो कारें अचानक गायब हो गई हैं। जांच के दौरान पुलिस जीपीएस लोकेशन की मदद से एक अर्टिगा कार तक पहुंची। वहां जाकर पता चला कि वह कार किसी और व्यक्ति के पास गिरवी रखी गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को यह कहकर फंसाता था कि उनकी गाडिय़ों को हाईवे प्रोजेक्ट में लगाया जाएगा। शुरुआत में वह कुछ समय तक किराया देता था, जिससे लोगों को उस पर भरोसा हो जाता था। बाद में वह गाडिय़ों को गिरवी रखकर मोबाइल बंद कर फरार हो जाता था।
क्राइम ब्रांच की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने लगभग 50 से ज्यादा गाडिय़ों के साथ ऐसा किया है। इनमें कई महंगी कारें शामिल हैं। पुलिस अब उन लोगों की भी जांच कर रही है, जिन्होंने नियमों के खिलाफ इन गाडिय़ों को गिरवी रखा।
 मामले को एसएसपी धर्मवीर सिंह ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंपा था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अभय भदौरिया पुत्र अरविंद भदौरिया निवासी डीडी नगर महाराजपुरा ग्वालियर को पकड़ा है।
पुलिस पूछताछ में उसने किराए पर गाडिय़ा लेकर गिरवी रखकर पैसे लेना स्वीकार किया। पकड़े गये आरोपी की निशादेही पर गिरवी रखी गई कुल 15 गाडिय़ा कीमती लगभग डेढ करोड़ जप्त की गई। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
आरोपी से मारूति अर्टिगा, टाटा अल्टरोज, मारूति सियाज, टोयोटा अर्बन क्रूजर, महिन्द्र बोलेरो, मारूति स्विफ्ट, महिन्द्र स्कार्पियो, रिनोल्ट ट्रायवर, महिन्द्र बोलेरो सहित कुल वाहन 15 बरामद हुए है।
उक्त मामले में एएसपी श्रीमती सुमन गुर्जर, डीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार, मनीष यादव, थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच अमित शर्मा, रमाकांत उपाध्याय, शुभम परिहार,  विजय यादव,  देववृत तोमर, अभिषेक यादव, पवन शुक्ला, रंजीत गुर्जर अरविंद शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
इस मामले में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि गाडिय़ों को अटैच कराने के नाम पर लोगों से धोखा किया गया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों और रूपयों के लेन-देन का खुलासा किया जाएगा।