ट्रेवलर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर शादी में भात देकर लौट रहे दो भाइयों की मौत

Apr 23 2024

ग्वालियर। ग्वालियर बायपास पर महाराजपुरा के नजदीक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीेछे से तेज रफ्तार में आ रही ट्रेवलर बस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सो रहे लोग उछलकर सडक़ पर आ गिरे। कुछ पर ट्रेवलर का पहिया गुजर गया और कुछ पर ट्रॉली पलट गई। घटना मंगलवार तडक़े 4.30 बजे की है।
हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत हो गई है। हादसे में ट्रॉली में सवार 10 लोग घायल हुए हैं। मृतक व घायल टेकनपुर में भांजी की शादी में भात देने गए थे। शादी मंगलवार 23 अप्रैल को होना थी। वहीं ट्रेवलर बस में सवार परिवार झांसी का है। वह भी बेटी की शादी करने दिल्ली जा रहे थे। बस में सवार भी आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं।
भिण्ड गोरमी के टीकरी गांव निवासी 21 वर्षीय मुनेन्द्र सिंह पुुत्र स्व. दलवीर सिंह गुर्जर व रघुराज सिंह गुर्जर 24 की चचेरी बहन की बेटी की शादी 23 अप्रैल को टेकनपुर के बौना गांव से थी। 22 अप्रैल रात को मंडप के साथ ही भात का कार्यक्रम था। भात के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुनेन्द्र और रघुराज के साथ ही शिशुपाल गुर्जर, प्रदीप सिंह गुर्जर, सत्यभान सिंह, जयवीर सिंह, गौरव, अनिल, मनोज, राघवेन्द्र, सतेन्द्र, सोनवीर, रामू, सचिन, देवेश के साथ ट्रैक्टर और ट्रॉली से आए थे। 
शादी में भात चढ़ाने के बाद वह वापस आ रहे थे, अभी महाराजपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ पुल के पास टाटा सर्विस सेंटर के पास पहुंचे ही थे कि तभी पीछे से आ रही ट्रेवलर बस क्रमांक यूपी93 सीटी-8794 के चालक ने लापरवाही और तेजी से चलाते हुए ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर, ट्रॉली सहित पलट गया और उसकी चपेट में आने से मुनेन्द्र और रघुराज की मौत हो गई। जबकि अन्य दस लोग घायल हो गए हैं। हादसे में बस में सवार यात्री भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर घायल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया है।
घटना का पता चलते ही बरेठा चौकी प्रभारी एसआई बृजेश भार्गव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एफआरवी 16 की मदद से राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकलवा कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली के चलते जाम के हालात बन रहे थे तो क्रेन बुलाकर रास्ते से उन्हें हटाया। 
पुलिस पड़ताल में पता चला है कि ट्रेवलर बस में सवार यात्री झांसी के रहने वाले हैं और बेटी की शादी करने के लिए दिल्ली जा रहे थे। बस में सवार यात्रियों में आधा दर्जन घायल हुए हैं। परिवार शादी करने और घायलों का उपचार कराने के लिए दिल्ली रवाना हो गए है।
मृतक मुनेन्द्र के भाई सत्यभान सिंह ने बताया कि मुनेन्द्र ने इसी साल ग्रेजुएशन की है। अब वह यूपीपीएससी की तैयारी कर रहा था। उसका सपना आईएएस अधिकारी बनकर परिवार का नाम रोशन करना था। पर यह कोई नहीं जानता था कि उसकी किस्मत में क्या लिखा है।
सत्यभान ने बताया कि मुनेन्द्र के पिता स्व. दलवीर सिंह गुर्जर टीकरी गोरमी भिंड के सरंपच रह चुके हैं। कुछ समय पहले ही उनका देहांत हुआ है। मुनेन्द्र की अभी शादी नहीं हुई है, जबकि रघुराज गांव में ही रहकर खेती करता है। तीन साल पहले उसकी शादी हुई है। पर अभी कोई बच्चा नहीं था। गांव में पत्नी उसकी राह देख रही थी। रात को उसने सूचना दी थी कि सुबह तक आ जाएगा। पर आई उसकी मौत की खबर।
इस मामले में महाराजपुरा थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह यादव का कहना है कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में ट्रेवलर बस ने टक्कर मारी थी, जिससे दो युवकों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए पहुंचा दिया है। मृतक भांजी की शादी में भात देकर लौट रहे थे।