नवमीं पर हुए जगह-जगह भंडारे, कन्या पूजन

Apr 17 2024

ग्वालियर। बुधवार को नवदुर्गा उत्सव के आखिरी दिन राम नवमीं पर मंदिरो में सुबह से ही हवन पूजन, रामायण पाठ के आयोजन किए गए। मंदिरों में कन्या भोज के साथ शुरू हुए भंडारा रात तक चले। शहर के हर मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक भक्तों की भीड़ रही। विशेषकर देवी मंदिरों पर पैर रखने के लिए जगह तक नहीं थी। इसके अलावा शहर के हर गली चौराहा पर अलग-अलग समितियों द्वारा भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। 
बुधवार सुबह 4 बजे से ही मंदिरों में हवन-पूजन व माता पूजन के कार्यक्रम शुरू हो गए थे। ग्वालियर के आसपास बड़े देवी मंदिरों जैसे सातऊ स्थित शीतला माता, महलगांव की कैला देवी मैया (करौली), नाका चन्द्र वदनी वैष्णोंदेवी, कैंसर हिल्स मांडरे की माता मंदिर पर सुबह से ही हजारों की संख्या में भक्त व श्रद्धालु पहुंचे। बड़े देवी मंदिरों पर पुलिस ने भी सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए थे। जिससे कोई अप्रिय घटना न हो सके। इसके अलावा शहर के अन्य छोटे व प्रमुख देवी मंदिरों में भी सुबह से भक्तों की भीड़ लगी है।
लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता जरुर लगी है, लेकिन उसका असर माता के भक्तों व भगवान राम के भक्तों पर दिखाई नहीं दिया। चाहें जितनी बंदिश हो, लेकिन शहर में करीब 500 से ज्यादा स्थानों पर माता के भंडारे हुए। सडक़ किनारे स्टॉल लगाकर माता का प्रसाद बांटा गया।