मांगे पूरी नहीं होने पर विधानसभा चुनाव बहिष्कार का किया ऐलान

Sep 24 2023

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक है। इसी सिलसिले में कर्मचारी संघो ने अपनी मांगे पूरी करवाने के लिए चुनाव बहिष्कार का तरीका अपनाया है। ग्वालियर के फूलबाग चौराहे पर एनएचएम संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य सपोर्ट स्टाफ संघ ने धरना देकर संघ ने एमपी में होने वाले विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है।
एनएचएम संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य सपोर्ट स्टाफ संघ ने फूलबाग चौराहे पर धरना देकर विधानसभा चुनाव 2023 के बहिष्कार का ऐलान किया है। मध्य प्रदेश में इन कर्मचारियों की संख्या लगभग 15 हजार से अधिक है। वहीं उनके परिवार के सदस्यों को मिलाकर यह संख्या 50 हजार के ऊपर पहुंचती है।
बहिष्कार करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने उनकी मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया था। लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया है। इस प्रदर्शन के जरिए कर्मचारियों ने मांग है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से हटाकर आउटसोर्स में शामिल किए गए सपोर्ट स्टाफ कर्मचारियों को विभाग में रिक्त पदों पर नियमित किया जाए। या फिर पुन: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में मर्ज किया जाए।
इसके साथ ही निष्कासित कर्मचारियों को वापस लिया जाए। आउटसोर्स के डाटा एंट्री ऑपरेटर सपोर्ट स्टाफ रोगी कल्याण समिति के कर्मचारियों को एनएचएम में मर्ज किया जाए। अपनी मांग और बहिष्कार की जानकारी देश के प्रधानमंत्री, मप्र के मुख्यमंत्री, चुनाव आयोग को दी गई है। उनका कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे सभी चुनाव का बहिष्कार करेंगे।